November 03, 2023, 12:46 IST
दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदू कॉलेज में 'दीपक सिन्हा स्मृति व्याख्यान' का आयोजन किया गया. व्याख्यान में प्रसिद्ध सिनेकार संजय जोशी ने सिनेमा की भाषा और बोली पर विस्तृत चर्चा की.
हिन्दू कॉलेज में 'दीपक सिन्हा स्मृति व्याख्यान' में विचार व्यक्त करते हुए संजय जोशी.सिनेमा की भाषा दृश्यों और ध्वनियों से बनती है. यह वह भाषा है जो दुनिया की किसी भी बोली जाने वाली भाषा से अधिक प्रभावी और मर्मस्पर्शी है. प्रसिद्ध सिनेकार संजय जोशी ने ये बातें हिन्दू कॉलेज में आयोजित ‘दीपक सिन्हा स्मृति व्याख्यान’ में कहीं. हिंदी साहित्य सभा द्वारा आयोजित इस व्याख्यान में संजय जोशी ने कनाडा के फिल्मकार नॉर्मन एन लॉरेन की शॉर्ट फिल्म ‘ए चेरी टेल’ का प्रदर्शन तथा व्याख्या में सिनेमा की भाषा और बोली जाने वाली भाषा का अंतर स्पष्ट किया. इस फिल्म में पंडित रविशंकर का सितार ही फिल्म की भाषा का निर्माण करता है. व्याख्यान में लॉरेन की दूसरी फिल्म ‘नेबर’ का भी प्रदर्शन किया.
भारत की प्रसिद्ध निर्देशक गीतांजलि राव की लघु फिल्म ‘प्रिंटेड रेनबो’ का प्रदर्शन कर संजय जोशी ने बताया कि किस तरह रंग भी फिल्म में भाषा का काम करते हैं.
आयोजन के प्रारंभ में हिंदी विभाग के वरिष्ठ आचार्य डॉ. रामेश्वर राय ने दीपक सिन्हा के संस्मरण सुनाते हुए कहा कि एक अध्यापक, राजनीतिक कार्यकर्ता और मनुष्य के रूप में दीपक सिन्हा को भुलाया नहीं जा सकता. किरोड़ीमल कॉलेज के पूर्व आचार्य खालिद अशरफ ने कहा कि दीपक सिन्हा जैसा ईमानदार मनुष्य अब दुर्लभ है जो विचार के लिए अडिग रहते थे.
Comments
Post a Comment