Skip to main content

भारतीय साहित्य के तार दूर तक फैले हैं : प्रो. अवधेश प्रधान

 


9/16/2021 02:08:00 pm


हिंदू कॉलेज में डॉ. दीपक सिन्हा स्मृति व्याख्यान का आयोजन

नई दिल्ली। भारत को देखने समझने के कई ढंग हैं जिनमें एक रास्ता साहित्य का भी है। इस भारतीय साहित्य की अवधारणा भारत से जुड़ी है । भारत एक बहुनस्लीय, बहुधर्मी तथा बहुभाषी देश है। भारतीय साहित्य के संबंध सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार पाकिस्तान, बांग्लादेश, चीन, तिब्बत तथा दक्षिणी एशिया से भी जुड़े हैं। उक्त विचार हिंदी के सुपरिचित आलोचक एवं काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व आचार्य प्रो. अवधेश प्रधान ने 15 सितंबर को हिंदी साहित्य सभा, हिंदी विभाग, हिंदू कॉलेज द्वारा ‘डॉ. दीपक सिन्हा स्मृति व्याख्यान - 2021' के अंतर्गत आयोजित ऑनलाइन व्याख्यान में ‘भारतीय साहित्य की अवधारणा’ विषय पर व्यक्त किए । 

पांच हज़ार वर्ष पुराना है भारतीय साहित्य
हिंदी विभाग की इस प्रतिष्ठित वार्षिक व्याख्यान शृंखला में प्रो. अवधेश प्रधान ने कहा कि भारतीय साहित्य का इतिहास आज से करीब पांच हज़ार वर्ष पुराना है । भारतीय साहित्य की जड़ें संस्कृत तथा अन्य आर्य भाषा परिवार से जुड़ी हैं । अगर प्राचीन भारतीय भाषाओं का अध्ययन किया जाए तो मालूम होता है कि प्राचीन भारतीय साहित्य में न सिर्फ रस साहित्य शामिल है, बल्कि उसमें ज्ञानात्मक साहित्य भी सम्मिलित है । उन्होंने प्राचीन संस्कृत साहित्य के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जीवन के जितने क्षेत्रों में मानव की रुचि रही है उन सभी क्षेत्रों को संस्कृत साहित्य समेटता है । 

बहुधर्मी बहुआयामी 
प्रो. प्रधान ने बौद्ध साहित्य का ज़िक्र करते हुए कहा कि पालि भाषा में लिखे गए साहित्य में दर्शनशास्त्र, आयुर्वेद तथा ज्ञान-विज्ञान आदि क्षेत्रों का भी समावेश है । उन्होंने जैन धर्म साहित्य, जो प्राकृत भाषा में लिखा गया है, का उल्लेख करते हुए कहा कि उसमें जैन धर्म की शिक्षा-दीक्षा है । साथ ही नाट्यशास्त्र, काव्यशास्त्र, कथाशास्त्र आदि भी सम्मिलित है । प्रो. प्रधान ने अपने वक्तव्य द्वारा भारतीय साहित्य जैसे बहुआयामी विषय के अनेक नए एवं सूक्ष्म आयामों से परिचय कराया ।


सत्र के आरंभ में विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. हरींद्र कुमार ने डॉ. दीपक सिन्हा का परिचय देते हुए उनके विद्यार्थी वत्सल व्यक्तित्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि डॉ विश्वनाथ त्रिपाठी ने अपनी पुस्तक गुरुजी की खेतीबारी में भी एक अध्याय समाजवादी विचारधारा से प्रभावित सिद्धांतवादी अध्यापक सिन्हा जी पर लिखा है। इससे पहले हिंदी साहित्य सभा की संयोजक दिशा ग्रोवर ने प्रो. अवधेश प्रधान का औपचारिक परिचय देते हुए हिंदी जगत में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला।  प्रो. प्रधान के वक्तव्य पश्चात हिंदी साहित्य सभा के परामर्शदाता डॉ. पल्लव ने हिंदी साहित्य सभा की 2021-22 की निर्वाचित कार्यकारिणी का परिचय दिया । सत्र 2021-22 के लिए तृतीय वर्ष से दिशा ग्रोवर को संयोजक, कैलाश लिंबा को महासचिव, द्वितीय वर्ष से गरिमा शर्मा तथा हिरेन कलाल को क्रमानुसार सचिव तथा कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। आयोजन में विभाग के अध्यक्ष डॉ रामेश्वर राय, वरिष्ठ प्राध्यापक श्री अभय रंजनडॉ. रचना सिंहडॉ विमलेन्दु तीर्थंकर सहित अनेक लेखक, पाठक और विद्यार्थी, शोधार्थी शामिल हुए । वेबिनार का संयोजन डॉ धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने किया।

~ कैलाश लिंबा, महासचिव, हिंदी साहित्य सभा, हिंदू कॉलेज, दिल्ली विश्विद्यालय, दिल्ली – 7

Comments

Popular posts from this blog

फेसबुक पर राजीव कटारा ने अपने प्रिय मित्र दीपक सिन्हा को यों याद किया था

दीपक सिन्हा आज दीपक को गए 17 साल हो गए। वह मेरे लिए क्या था? क्या कहूं? बस इतना ही कि उसके जाने के बाद मेरी जिंदगी ठीक वही नहीं रह गई। कितना कुछ उसके साथ ही चला गया। कभी यों ही किसीके पास जा सकते हैं? लगता है यह अधिकार किसीने छीन लिया। कभी-कभी महसूस होता है कि उसके जाने से एक किस्म की अनौपचारिक दुनिया ही खत्म हो गई। आज भी मेरे यहां कुछ किताबें हैं, जो दीपक के लिए ही खरीदी गई थीं। उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और वे शेल्फ में ही रह गईं। उन किताबों को किसीको देने का मन भी नहीं होता। अक्सर हम दो किताबें खरीदते थे। एक दूसरे के लिए ये किताबें होती थीं। कब हुई थी उससे पहली मुलाकात? यह 1981 की बात है। वह जमशेदपुर से दिल्ली आया था। दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी में एम. ए. करने। उसी दौरान किसी क्लास के बाद हम मिले थे। वह शायद पहली-दूसरी क्लास ही रही होगी। हम कब गहरे दोस्त हो गए? पता ही नहीं चला। फिर कब वह मेरे परिवार का हिस्सा हो गया। यह भी पता नहीं चला। दीपक से जब मुलाकात हुई थी, तो मैं बेहद अकेला था। एक दौर के बाद स्कूली दोस्तों से नाता टूट गया था। कॉलेज में कोई नया दोस्त नहीं जुड़ा था। या उन्हे...

हिंदू काॅलेज में व्याख्यान : प्रसिद्ध सिनेकार संजय जोशी ने कहा सिनेमा की भाषा सबसे असरकारक

हिंदी विभाग के वरिष्ठ आचार्य डाॅ रामेश्वर राय ने दीपक सिन्हा के संस्मरण सुनाते हुए कहा कि एक अध्यापक, राजनीतिक कार्यकर्ता और मनुष्य के रूप में दीपक सिन्हा को भुलाया नहीं जा सकता. By Prabhat Khabar Digital Desk Modified date:   November 2, 2023 9:49 PM सिनेमा की भाषा दृश्यों और ध्वनियों से बनती है. यह वह भाषा है जो दुनिया की किसी भी बोली जाने वाली भाषा से अधिक प्रभावी और मर्मस्पर्शी है.  सुप्रसिद्ध सिनेकार संजय जोशी  ने उक्त विचार  हिंदू काॅलेज  में आयोजित दीपक सिन्हा स्मृति व्याख्यान में व्यक्त किए. हिंदी साहित्य सभा द्वारा आयोजित इस व्याख्यान में जोशी ने कनाडा के फिल्मकार नॉर्मन एन लॉरेन की छोटी सी फिल्म ए चेरी टेल का प्रदर्शन और व्याख्या में सिनेमा की भाषा और बोली जाने वाली भाषा का अंतर स्पष्ट किया. इस फिल्म में पंडित रविशंकर का सितार ही फिल्म की भाषा का निर्माण करता है. व्याख्यान में लॉरेन की दूसरी फिल्म नेबर का भी प्रदर्शन किया. रंग भी फिल्म में भाषा हैं भारत की प्रसिद्ध निर्देशक गीतांजलि राव की लघु फिल्म प्रिंटेड रेनबो का प्रदर्शन कर जोशी ने बताया कि किस तर...

'भक्तिकाल के कवियों का मुख्य अलंकार सहजयोक्ति है'

  हिंदू कालेज में दीपक सिंहा स्मृति व्याख्यान 'मौलिकता सदैव अपनी भाषा में विकसित होती है' स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम Saturday 4 October 2014 03:43:59 AM हिंदू कालेज में दीपक सिंहा स्मृति व्याख्यान स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम  Saturday 4 October 2014 03:43:59 AM नई दिल्ली।  कुछ विद्वान पूरा का पूरा भक्ति काव्य आधुनिकता के सांचे में बदल देना चाहते हैं, जबकि भक्ति काव्य की विशेषता यह है कि उसमे आधुनिक भाव बोध से मेल वाली बहुत सारी बातें हैं पर सारा का सारा भक्ति काल आधुनिक नहीं हो सकता, किसी भी रूप में नहीं। सुपरिचित आलोचक डॉ जीवन सिंह ने हिंदू कालेज में भक्ति कविता की प्रासंगिकता विषय पर दीपक सिंहा स्मृति व्याख्यान माला में कहा कि भक्तिकाल की विशेषता संगीत, कला और स्थापत्य को भी मज़बूत विरासत देने में है, वह केवल भजन कीर्तन नहीं है, उसने इन कलाओं-स्थापत्यों को पुनः संस्कारित किया और इसी काल में शास्त्रीय संगीत श्रेष्ठ ध्रुपद को नई ऊंचाई मिली। डॉ जीवन सिंह  ने कहा कि भक्ति काव्य में जो अनुराग है, वह मनुष्य और मानव समाज के प्रति है, ईश्वर के प्रति अनुराग भाव की भूमिका अपेक्षाकृत क...